प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मंडल के अनुसार इंटरव्यू आगरा गेट स्थित प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मंडल कार्यालय में होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को उनके द्वारा किए गए व्यवसाय और प्रदर्शन के आधार पर विभाग की ओर से निर्धारित दरों के अनुसार प्रोत्साहन राशि (Incentive) दी जाएगी।
डाक विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि दोनों पद पूर्णतः अस्थायी आधार पर होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को कोई मासिक या स्थायी वेतन नहीं दिया जाएगा। उन्हें केवल उनके कार्य और व्यवसाय के प्रदर्शन के आधार पर प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके साथ ही भविष्य में स्थायी नियुक्ति का कोई दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रत्यक्ष अभिकर्ता (Direct Agent) पद के लिए आवेदक का केंद्र या राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
इस पद के लिए बेरोजगार एवं स्वनियोजित युवा, पूर्व जीवन बीमा सलाहकार, पूर्व बीमा एजेंट, भूतपूर्व सैनिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला मंडल और पंचायत से जुड़े व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अन्य विभागों में कार्यरत ऐसे सरकारी कर्मचारी भी पात्र हो सकते हैं, जिन्हें मंडल प्रमुख इस पद के लिए योग्य मानते हैं।
क्षेत्र अधिकारी (Field Officer) पद के लिए केंद्र और राज्य सरकार के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारी तथा ग्रामीण डाक सेवक (GDS) आवेदन कर सकते हैं। ग्रुप ए और ग्रुप बी सहित सेवानिवृत्त अधिकारी भी इस पद के लिए पात्र होंगे। हालांकि, आवेदक के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक या न्यायिक मामला लंबित नहीं होना चाहिए।
इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। इसके लिए उन्हें अपना बायोडाटा, आयु प्रमाण-पत्र, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित दस्तावेज और अनुभव प्रमाण-पत्र साथ लेकर आने होंगे।
डाक विभाग के अनुसार अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों को सुरक्षा जमा राशि के रूप में 5,000 रुपए का राष्ट्रीय बचत पत्र (NSC) राष्ट्रपति महोदय के नाम प्लेज करवाकर मंडल कार्यालय, अजमेर में जमा कराना होगा।
अधिक जानकारी और भर्ती से संबंधित अन्य विवरण के लिए इच्छुक अभ्यर्थी प्रवर अधीक्षक डाकघर, अजमेर मंडल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
विभाग: डाक विभाग, अजमेर मंडल
पद: डायरेक्ट एजेंट और फील्ड ऑफिसर
चयन प्रक्रिया: इंटरव्यू
इंटरव्यू की तारीख: 11 दिसंबर, शुक्रवार
समय: सुबह 11 बजे
स्थान: प्रवर अधीक्षक डाकघर, आगरा गेट, अजमेर
डायरेक्ट एजेंट योग्यता: न्यूनतम 10वीं पास
न्यूनतम आयु: 18 वर्ष
सुरक्षा राशि: 5,000 रुपए की NSC
नियुक्ति का आधार: अस्थायी, प्रदर्शन के आधार पर प्रोत्साहन राशि
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.