राजसमंद जिले के दिवेर थाना क्षेत्र अंतर्गत छापली महादेवजी की नाल स्थित हरि सागर तालाब में डूबने से 21 वर्षीय युवक मोहन सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, मोहन सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ छापली महादेवजी की नाल घूमने के लिए गया था। सभी युवक वहां प्राकृतिक सौंदर्य और मौसम का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान तालाब की पाल पर खड़े रहने के दौरान मोहन सिंह का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
घटना के बाद उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, जिस पर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को देखते हुए दिवेर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल शिव सिंह, कांस्टेबल हेमराज और राजेश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही सिविल डिफेंस राजसमंद की टीम को भी बुलाया गया।
ग्रामीणों और सिविल डिफेंस की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक के शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को छापली स्थित स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.