भारतीय खेल जगत से एक अत्यंत दुखद और स्तब्ध कर देने वाली खबर सामने आई है। भारत के महान निशानेबाज, कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों के मल्टीपल गोल्ड मेडलिस्ट तथा द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच जसपाल राणा का असमय निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार, जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप से टीम के साथ लौटते समय फ्लाइट में उन्हें अचानक गंभीर हार्ट अटैक आया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उन्हें तुरंत साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। मात्र 49 वर्ष की उम्र में उनके निधन से भारतीय शूटिंग और खेल जगत में गहरा शोक फैल गया है।
जसपाल राणा वर्तमान में भारतीय शूटिंग टीम के हाई-परफॉर्मेंस कोच के रूप में कार्यरत थे और उन्होंने ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर सहित कई शीर्ष निशानेबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी कोचिंग को भारतीय शूटिंग की सफलता का बड़ा आधार माना जाता है।
राजस्थान के शूटिंग खेलों में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जयपुर के जगतपुरा शूटिंग रेंज के विकास और तकनीकी उन्नयन में उनके सुझावों को अहम माना जाता है। वे समय-समय पर राजस्थान आकर युवा निशानेबाजों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देते रहे थे।
अपने करियर में उन्होंने 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल और स्टैंडर्ड पिस्टल इवेंट्स में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक जीते और बाद में भारतीय शूटिंग के सबसे सफल कोचों में शामिल हुए। उनके निधन से खेल जगत ने एक महान खिलाड़ी और उत्कृष्ट गुरु को खो दिया है।
कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ सहित देशभर के खेल दिग्गजों और खिलाड़ियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.