जयपुर। सहकारिता आधारित परिवहन सेवा भारत टैक्सी को जयपुर में लोगों का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। शुक्रवार को शासन सचिवालय में सहकारिता विभाग के शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियाँ डॉ. समित शर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सेवा की प्रगति और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में डॉ. शर्मा ने कहा कि भारत टैक्सी का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, वहीं सारथियों को सम्मानजनक और स्थायी रोजगार के अवसर प्रदान करना भी इसकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिक से अधिक यात्रियों और सारथियों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने तथा सेवा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 25 जुलाई को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा शुभारंभ किए जाने के बाद से भारत टैक्सी को जयपुर में शानदार प्रतिक्रिया मिली है। अब तक 1.37 लाख से अधिक यात्रियों, 39 हजार से अधिक सारथियों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें से 21,500 से अधिक सारथियों को संचालन के लिए सक्षम बनाया गया है और 22,500 से अधिक सफल राइड पूरी की जा चुकी हैं। इस दौरान सारथियों को 25 लाख रुपये से अधिक की आय भी प्राप्त हुई है।
समीक्षा बैठक में जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन और जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत टैक्सी की मजबूत उपस्थिति, शहरभर में ब्रांडिंग, डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया अभियान और नए कैब, ऑटो व बाइक सारथियों को जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
डॉ. समित शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से काम कर सेवा का दायरा बढ़ाएं, ताकि भारत टैक्सी जयपुर के हर नागरिक के लिए एक भरोसेमंद परिवहन विकल्प बन सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.