जयपुर। राजस्थान में बच्चों के पोषण से जुड़ी पन्नाधाय बाल गोपाल योजना में कथित अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। सरकारी स्कूलों में वितरण के लिए भेजे गए करीब 3 हजार किलो दूध पाउडर के बाजार में बेचे जाने के आरोप लगे हैं। इस मामले में राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) की शिकायत पर जयपुर के सामोद थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सामोद क्षेत्र के चीथवाड़ी गांव से दूध पाउडर से भरी एक पिकअप जब्त की है। प्रारंभिक जांच में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चों के लिए निर्धारित दूध पाउडर स्कूलों तक पहुंचने के बजाय बाजार में कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
यह मामला सामने आने के बाद सरकारी योजनाओं की निगरानी और पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह बच्चों के पोषण से जुड़ी योजना में गंभीर लापरवाही और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का मामला माना जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.